सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर पुलिस कंट्रोल रूम में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित
स्नान व्यवस्था, घाटों की सुरक्षा, ड्रोन इंस्टॉलेशन पॉइंट्स एवं रेडियो कम्युनिकेशन व्यवस्था पर हुई विस्तृत चर्चा
उज्जैन में सिंहस्थ -2028 के सफल आयोजन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम स्नान व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज पुलिस कंट्रोल रूम, उज्जैन में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक उज्जैन ज़ोन राकेश गुप्ता, पुलिस उपमहानिरीक्षक उज्जैन रेंज नवनीत भसीन एवं पुलिस अधीक्षक उज्जैन की उपस्थिति में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। इसमें स्नान व्यवस्था, घाटों की सुरक्षा, ड्रोन कैमरों के इंस्टॉलेशन हेतु उपयुक्त स्थानों का चयन, रेडियो कम्युनिकेशन व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन जैसे विषय प्रमुख रूप से शामिल रहे।
बैठक में सिंहस्थ के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने, स्नान घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा विभिन्न स्थानों पर तैनात पुलिस बल के बीच बेहतर समन्वय एवं प्रभावी संचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में विचार-विमर्श किया गया।
सिंहस्थ-2028 को दृष्टिगत रखते हुए सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की पूर्व तैयारी, आधुनिक तकनीक के उपयोग तथा विभिन्न व्यवस्थाओं के बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम धार्मिक अनुभव उपलब्ध कराया जा सके।

admin